चित्तौड़गढ़। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत डूंगला थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और उदयपुर जिलों के कई थानों में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित था।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देश पर वांछित तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत थाना डूंगला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी फिरोज खान (38), निवासी बीरिया खेड़ी, हाल उंचा थाना सदर निम्बाहेड़ा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पहचान छुपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी के खिलाफ प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर के विभिन्न थानों में स्मैक तस्करी के कई प्रकरण दर्ज हैं।
मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस या नारको हेल्पलाइन पर साझा करें।