चित्तौड़गढ़। भंडारिया रोड स्थित महेश पुरम मार्ग के श्याम नगर कॉलोनी में नवनिर्मित श्री हनुमान मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में 1 एवं 2 अप्रैल को दो दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महोत्सव के पहले दिन 1 अप्रैल को सुबह 9.15 बजे जल यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद गणपति पूजन एवं अग्नि स्थापना जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
दूसरे दिन 2 अप्रैल को मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस दौरान सर्वदेव पूजन, हवन एवं महाअभिषेक किया जाएगा। अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12.15 बजे हनुमान जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा एवं पूर्णाहुति संपन्न होगी।
इसके पश्चात दोपहर 2.15 बजे श्री सांवलिया मंदिर से निशान यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
यज्ञाचार्य हेमंत शर्मा ने बताया कि महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।