मनासा। नगर में महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव सकल जैन श्रीसंघ द्वारा हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः 8 बजे अनुपपुरा गली स्थित चिंतामणि पार्श्वनाथ मंदिर से भगवान महावीर की रथयात्रा प्रारंभ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली।
रथयात्रा के दौरान जैन समाज के श्रावक-श्राविकाएं भगवान महावीर के जयकारों के साथ श्रद्धा भाव से शामिल हुए। समाजजन बैंड-बाजों एवं ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए यात्रा में सहभागी बने।
पूर्व संध्या पर वर्धमान धर्मशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें सकल श्रीसंघ के विभिन्न मंडलों द्वारा भगवान महावीर के गुणगान से परिपूर्ण प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को जैन सोशल ग्रुप द्वारा पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
पूरे आयोजन में सकल श्रीसंघ के साथ जैन सोशल ग्रुप शाखा मनासा का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में वर्धमान धर्मशाला में सहभोज का आयोजन किया गया।
रथयात्रा एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सकल श्रीसंघ ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।