मंदसौर। जिले के अरनिया निजामुद्दीन क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब रमेश धनगर (50) पिता भुवान धनगर मोटरसाइकिल से ग्राम डिगाव से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रमेश धनगर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके मुंह, सिर, हाथ और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समय पर मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है, वहीं डॉक्टरों की टीम घायल की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।