मनासा। सनातन परिवारों में समरसता, एकता, धार्मिक संस्कार एवं सामाजिक दायित्व के जागरण के उद्देश्य से नगर में पिछले 80 सप्ताह से निरंतर आयोजित श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग का आयोजन इस बार भी भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के समीप पोरवाल कॉलोनी में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
मंदिरों की नगरी में धर्म, आध्यात्म और संस्कारों को सुदृढ़ करने की दिशा में यह सत्संग अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के युवा संत श्री चेतनराम जी की प्रेरणा से निरंतर जारी है। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबूलाल गुप्ता, अरविंद गुप्ता, सत्यनारायण धनोतिया, बंशीलाल फरक्या एवं रामविलास मंडवारिया द्वारा श्री हनुमान जी एवं श्री सालासर बालाजी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
सामूहिक पाठ के दौरान भजन संध्या में राजकुमार मारु ने “लाल लंगोटो हाथ में सोटो३” भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं निरंजन पाराशर, बंशीलाल फरक्या, सत्यनारायण सोनी, श्याम चौधरी, अरुण झंवर, समरथ खाटवा एवं प्रकाश छत्ताणी ने भी अपने भजनों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कमल विजयवर्गीय ने लावणी “हेलो हुणजे रे” प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर नगर के श्री नाहरसिंह माता मंदिर के जीर्णाेद्धार हेतु सनातन सत्संग मंडल द्वारा 21 हजार रुपये समर्पित किए गए तथा सभी से इस पुनीत कार्य में सहयोग की अपील की गई।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित महेंद्र पटवा एवं कुकड़ेश्वर नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला पटवा ने पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
अंत में सनातन सत्संग मंडल द्वारा सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग 7 अप्रैल, मंगलवार को रात्रि 8.30 बजे महेश्वरम् कॉलोनी, सब्जी मंडी के पास आयोजित होने की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होने का आह्वान किया गया।