कुकड़ेश्वर। नीमच जिले के कुकड़ेश्वर के समीप स्थित फुलपुरा गांव में प्रसिद्ध एवं प्राचीन श्री चमत्कारी हनुमान बालाजी धाम पर इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। यह पावन धाम नीमच जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर तथा कुकड़ेश्वर से करीब 3 किलोमीटर दूरी पर नीमच-झालावाड़ मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां हर वर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर में विराजमान श्री चमत्कारी हनुमान बालाजी की प्रतिमा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूर्ण होती है। बालाजी महाराज की आरती के दौरान भक्तों को नकारात्मक शक्तियों एवं बाधाओं से मुक्ति मिलने की भी मान्यता है, जिसके चलते यह धाम आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
मंदिर परिसर में श्री पंचमुखी गणेश जी, न्याय के देवता शनिदेव महाराज, भगवान देवनारायण एवं महादेव मंदिर के साथ कैलाश पर्वत की भी स्थापना की गई है। इसके अलावा यहां स्थित प्राचीन बावड़ी अपनी अद्भुत वास्तुकला के कारण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मंदिर की स्थापना के बाद पंडित श्री कमल दास जी द्वारा यहां पूजा-अर्चना प्रारंभ की गई थी। वर्तमान में फुलपुरा गांव का बैरागी वैष्णव परिवार इस धार्मिक परंपरा का निर्वहन कर रहा है।
मंदिर के पुजारी महावीर बैरागी के अनुसार, 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर प्रातःकाल से ही अभिषेक, श्रृंगार एवं हवन का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे महाआरती होगी, जिसके पश्चात प्रसादी वितरण किया जाएगा। साथ ही सुंदरकांड पाठ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम दिनभर आयोजित किए जाएंगे।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के धाम पर पहुंचने की संभावना है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहेगा।