नीमच। जिले के समीप स्थित धनेरिया कला के लेवड़ा आश्रम पर प्रसिद्ध एवं प्राचीन श्री चमत्कारी हनुमान बालाजी मंदिर में इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। यह पावन धाम नीमच जिला मुख्यालय से लगभग 2 किलोमीटर तथा धनेरिया कला-बिसलवास मार्ग पर स्थित है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंचते हैं।
मंदिर में विराजमान श्री चमत्कारी हनुमान बालाजी की प्रतिमा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूर्ण होती है। बालाजी महाराज की आरती के दौरान भक्तों को नकारात्मक शक्तियों एवं बाधाओं से मुक्ति मिलने की भी मान्यता है, जिसके चलते यह धाम आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
मंदिर परिसर में श्री नीलकंठ महादेव, न्याय के देवता शनिदेव महाराज सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं।
मंदिर समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल (गुरुवार) को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर प्रातःकाल से ही अभिषेक, श्रृंगार एवं हवन का आयोजन किया जाएगा। सायंकाल महाआरती होगी, जिसके पश्चात भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही सुंदरकांड पाठ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम दिनभर आयोजित किए जाएंगे।