नीमच। महू-नसीराबाद हाईवे पर गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में कार ट्रैक्टर से टकरा गई। घटना भरभड़िया फंटे के समीप सुबह करीब 11.40 बजे की है। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर भरभड़िया फंटे से निम्बाहेड़ा की ओर जा रहा था, वहीं एक कार भी भरभड़िया फंटे से निम्बाहेड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार चालक ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन सामने चल रहे ट्रैक्टर को नहीं देख पाया और पीछे से जाकर टकरा गया।

हादसे में कार में सवार एक युवक और एक युवती सुरक्षित रहे। वहीं ट्रैक्टर चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने की जानकारी सामने आई है। कार इंदौर पासिंग बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
