नीमच। मूक-बधिर संघ द्वारा आयोजित 20वां वार्षिक उत्सव एवं स्नेह मिलन समारोह गांधी वाटिका के पास स्थित वात्सल्य भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए मूक-बधिर बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
संघ के इंटरप्रेटर मुकेश शर्मा ने बताया कि यह आयोजन कई वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजनकर्ता अशोक एरन द्वारा मूक-बधिरों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा चुकी हैं। संघ से जुड़े शासकीय कर्मचारी भी बच्चों के मार्गदर्शन में सहयोग कर रहे हैं, ताकि वे अपनी पहचान बना सकें और अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों का परिचय कराया गया तथा उनकी विशिष्ट क्षमताओं की सराहना की गई। मूक-बधिर युवाओं ने खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा एवं संरक्षक स्वप्निल वाधवा उपस्थित रहे।
पवन पाटीदार ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल मिलन का नहीं, बल्कि प्रेम, समझ और समानता का प्रतीक है। मूक-बधिर समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी क्षमताएं किसी से कम नहीं हैं। हमें उनकी संकेत भाषा को समझते हुए उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की आवश्यकता है।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि यह कार्यक्रम संवेदनशीलता और सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने मूक-बधिर भाई-बहनों को सामाजिक न्याय विभाग से अधिक से अधिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक अशोक एरन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।