मंदसौर। जिले के माल्या गांव के समीप बुधवार रात एक सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मोटरसाइकिल से एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से यह हादसा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जावरा के पास स्थित निमन गांव निवासी 55 वर्षीय मांगीलाल बलाई अपने पत्नी भूली बाई के साथ मोटरसाइकिल से जावरा से नाहरगढ़ के पास ग्राम खूंटी जा रहे थे। इसी दौरान माल्या गांव के समीप अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया।
हादसे में मांगीलाल को दोनों पैर, दोनों हाथ, चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी भूली बाई के सिर और हाथ में चोट लगी है। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत सहायता करते हुए डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
एंबुलेंस सेवा पर उठे सवाल-
घायल मांगीलाल के अनुसार, हादसे के बाद एंबुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन समय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना ने एक बार फिर आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि स्थानीय लोगों की सजगता से घायलों को समय पर उपचार मिल सका।