नीमच। संत शिरोमणि पीपाजी महाराज की 703वीं जयंती गुरुवार को जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्री पीपा क्षत्रिय दर्जी समाज एवं नवयुवक मंडल के तत्वावधान में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
टेडेश्वर महादेव मंदिर से निकली रैली-
जयंती महोत्सव की शुरुआत नीमच सिटी स्थित टेडेश्वर महादेव मंदिर से हुई, जहां से भव्य वाहन रैली का शुभारंभ किया गया। रैली में समाजजन दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ शामिल हुए। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवा और बुजुर्ग झूमते नजर आए।
ध्वज और जयकारों से गूंजा शहर-
हाथों में केसरिया ध्वज लिए समाजजन ‘जय पीपा देव’ के जयकारे लगाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरे। जगह-जगह रैली का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। रैली का समापन जयसिंहपुरा रोड स्थित लक्कड़ कुंड महादेव मंदिर पर हुआ।
सुंदरकांड पाठ व प्रतियोगिताएं आयोजित-
दोपहर में लक्कड़ कुंड महादेव मंदिर परिसर में धार्मिक एवं बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सामूहिक सुंदरकांड पाठ हुआ, वहीं बच्चों एवं युवाओं के लिए सामान्य ज्ञान और प्रश्न मंच प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
महाआरती के साथ हुआ समापन-
कार्यक्रम के अंत में पीपाजी महाराज की महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। महाआरती के पश्चात प्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जयंती महोत्सव को लेकर समाज में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिला।