कंजार्डा। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर कंजार्डा पठार क्षेत्र श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर नजर आया। क्षेत्र के आस्था केंद्र छलिया फाटक स्थित हनुमान मंदिर से भगवान बजरंगबली का विशाल एवं भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
केसरिया लहर और भक्ति में झूमे श्रद्धालु-
जुलूस के दौरान डीजे पर बज रहे भक्तिमय भजनों की धुन पर युवा और बुजुर्ग जमकर थिरकते नजर आए। श्रद्धालुओं के हाथों में लहराती केसरिया पताकाएं पूरे वातावरण को धर्ममय बना रही थीं। नगरवासियों ने जगह-जगह पलक-पावड़े बिछाकर जुलूस का स्वागत किया और पुष्प वर्षा कर अपनी आस्था प्रकट की।
धार्मिक अनुष्ठान और महाप्रसाद का आयोजन-
उत्सव की शुरुआत मंदिर शिखर पर पारंपरिक विधि से ध्वजा पूजन एवं ध्वजारोहण के साथ हुई। जुलूस के समापन के बाद मंदिर परिसर में विधिवत महाआरती आयोजित की गई। इस अवसर पर विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था-
पूरे आयोजन के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन की व्यवस्था सराहनीय रही। सुरक्षा एवं यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।