नीमच। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति, बघाना के तत्वावधान में गुरुवार को भव्य एवं विशाल वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों ने भाग लिया, जिससे पूरे शहर में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
रैली की शुरुआत गोपाल गौशाला से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः गोपाल गौशाला पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान “जय श्रीराम” और “जय बजरंग बली” के जयघोष से शहर गुंजायमान हो उठा। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों ने माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों द्वारा रैली का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
आयोजकों ने बताया कि हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में शाम को भव्य चल समारोह भी निकाला जाएगा। इसमें मालवा क्षेत्र के प्रसिद्ध ढोल-लेजम दल, उज्जैन के अखाड़ों के पहलवान तथा आकर्षक राम दरबार की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
हनुमान जयंती के इस आयोजन ने शहर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया। आयोजन में युवाओं का उत्साह और समाजजनों की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से देखने को मिली।