नीमच। श्री विराट वीराय बालाजी मंदिर समिति, ग्वालटोली द्वारा आयोजित 21वां हनुमान जन्मोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायकों ने मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। दूसरे दिन प्रातः रामधुन के साथ मंगला आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। इसके पश्चात विधि-विधान से हवन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जो कई घंटों तक चलता रहा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। यह भंडारा भक्तों के सहयोग से सम्पन्न हुआ, जो आयोजन की विशेषता रहा। इसके पश्चात सुंदरकांड पाठ तथा रात्रि में महाआरती एवं छप्पन भोग के साथ दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का भव्य समापन हुआ।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में समिति सदस्यों एवं श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।