नीमच। उज्जैन संभाग स्तरीय विभागीय अधिकारी/कर्मचारी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 1 एवं 2 अप्रैल 2026 को शा.बा. उ.मा. विद्यालय क्रमांक-2, नीमच खेल मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग के जिलों उज्जैन, मंदसौर, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा एवं नीमच की टीमों ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 1 अप्रैल 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी नीमच सुजान मल मांगरिया, सहायक संचालक मनोज जैन, विकास खंड शिक्षा अधिकारी एस.एन. परमार, प्रतियोगिता संयोजक प्राचार्य ओम प्रकाश बंसल एवं सह संयोजक भरत सिंह कुमावत सहित अन्य व्यायाम एवं खेल शिक्षकों की उपस्थिति में हुआ।
पहले दिन के मुकाबलों में शाजापुर ने आगर-मालवा को तथा देवास ने मंदसौर को पराजित किया। पहले सेमीफाइनल में नीमच ने उज्जैन को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में देवास ने शाजापुर को पराजित कर फाइनल में स्थान बनाया।
फाइनल मुकाबला नीमच एवं देवास के बीच खेला गया, जिसमें नीमच ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 8 विकेट खोकर 89 रन बनाए। टीम की ओर से कमलेश धाकड़ ने नाबाद 25 रन, मनोज अहीर ने 15 रन तथा मान सिंह गेहलोत ने 13 रनों का योगदान दिया।
जवाब में देवास की टीम 73 रन ही बना सकी और नीमच ने 16 रन से मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया।
समापन अवसर पर विजेता नीमच एवं उपविजेता देवास टीम को जिला शिक्षा अधिकारी सुजान मल मांगरिया, प्रतियोगिता संयोजक प्राचार्य ओमप्रकाश बंसल एवं सह संयोजक भरत सिंह कुमावत द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
फाइनल मैच में अंपायर की भूमिका मो. रफीक एवं जितेंद्र गुर्जर ने निभाई। प्रतियोगिता के सफल संचालन में वेंकटेश्वर जाट, अजय नागोरी, दिनेश धाकड़, भारत सिंह परिहार, राजेश शर्मा, करण सिंह परिहार एवं युवराज सिंह सहित अन्य ने सराहनीय सहयोग प्रदान किया।