चित्तौड़गढ़। सेंती क्षेत्र के लालजी खेड़ा मार्ग स्थित दशोरा ब्राह्मण समाज के आराध्य भगवान हाटकेश्वर की जयंती हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला।
ब्राह्मण समाज सेवा संस्थान के सचिव दिनेश दशोरा ने जानकारी देते हुए बताया कि जयंती के अवसर पर समाजजनों द्वारा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और अभिषेक किए गए। इस दौरान 11 पंडितों द्वारा विधि-विधान से महारुद्र का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की गहरी आस्था देखने को मिली।
महारुद्र के पश्चात भगवान हाटकेश्वर का मनमोहक और आकर्षक श्रृंगार किया गया। दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में समाज के वरिष्ठजनों के साथ-साथ 50 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसके बाद 108 दीपों से सामूहिक महाआरती की गई और सभी श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर दशोरा समाज के अध्यक्ष सोहनलाल दशोरा, कार्यकारी अध्यक्ष रमेश दशोरा, गिरिजा शंकर दशोरा, देवीलाल दशोरा, जगदीश दशोरा, यशवंत दशोरा, कृष्णगोपाल दशोरा, शोभालाल दशोरा सहित अश्लेष, पंकज, मुकलेश तथा बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।