चित्तौड़गढ़। भंडारिया रोड स्थित महेश पुरम मार्ग पर श्याम नगर कॉलोनी में नवनिर्मित श्री हनुमान मंदिर में भगवान हनुमान की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में 1 एवं 2 अप्रैल को दो दिवसीय महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण रहा, जिसमें कॉलोनी सहित आसपास क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
जल यात्रा से हुआ शुभारंभ-
यज्ञाचार्य हेमंत शर्मा ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिवस 1 अप्रैल को प्रातः 9रू15 बजे जल यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात गणपति पूजन एवं अग्नि स्थापना की गई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही।
हनुमान जन्मोत्सव पर हुई प्राण-प्रतिष्ठा-
द्वितीय दिवस हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मुख्य समारोह में सर्वदेव पूजन, हवन एवं महाअभिषेक जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। अभिजीत मुहूर्त में अपराह्न 12रू15 बजे श्री हनुमान जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा एवं हवन पूर्णाहुति की गई।
निशान यात्रा और भजन संध्या का आयोजन-
इसके उपरांत अपराह्न 2रू15 बजे श्री सांवलिया मंदिर से निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सायंकाल प्रसादी का आयोजन किया गया तथा रात्रि में भजन संध्या के साथ महोत्सव का समापन हुआ।
धार्मिक बोलियों में दिखा उत्साह-
आयोजन के दौरान कलश, ध्वजा एवं घंटी स्थापना हेतु बोलियां लगाई गईं। इसमें किशनलाल-कालूलाल धाकड़ सैंती द्वारा कलश, पुष्करलाल धाकड़ द्वारा ध्वजा तथा शंभूलाल वैष्णव द्वारा घंटी स्थापना की बोली लगाई गई। आयोजन में श्याम नगरवासियों का विशेष सहयोग रहा।
धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र-
उल्लेखनीय है कि यहां शिव परिवार एवं श्याम बाबा के मंदिर भी स्थित हैं। प्रत्येक ग्यारस पर श्याम बाबा की भजन संध्या आयोजित की जाती है, जिसमें शहर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।