नीमच। जिले के जवासा चौराहे पर शुक्रवार को एक किसान अचानक गिर पड़े, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, अरनिया मानगिर निवासी 45 वर्षीय देवीलाल पिता हीरालाल नायक सुखले के बोरे खरीदने जवासा आए थे। इसी दौरान उन्हें अचानक घबराहट महसूस हुई। वे पास के एक निजी क्लिनिक पहुंचे, लेकिन क्लिनिक के बाहर ही उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे बेसुध होकर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही पास स्थित जवासा पुलिस चौकी के जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जवासा चौकी प्रभारी असलम पठान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला साइलेंट हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
