चित्तौड़गढ़। शहर के नगरपालिका कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
मन्दिर के महंत रामजी शरण ने बताया कि हनुमान जयंती पर प्रातः शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया गया। मंगल गीतों की मधुर धुनों के बीच मंदिर परिसर में स्थित विभिन्न मंदिरों की ध्वजाओं का परिवर्तन भी किया गया। भक्तों ने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे वातावरण अत्यंत मनोहारी और भक्तिमय नजर आया। दिनभर मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
शाम के समय भजन-कीर्तन एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति रस में सराबोर हो गए। कार्यक्रम के दौरान भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण किया और जय श्री राम व जय बजरंग बली के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर महंत जी द्वारा विधिवत महा आरती संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में नगरपालिका कॉलोनी सहित शहर के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।