देवास। जिले के नेवरी क्षेत्र अंतर्गत रोजड़ी गांव में बीती रात बड़ा हादसा हो गया। शॉर्ट सर्किट के चलते सरपंच गुलाब सिंह चौहान के घर में भीषण आग लग गई, जिसमें कपड़े, अनाज, फर्नीचर, जेवर और करीब 5 लाख रुपए नकद सहित लगभग 10 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
घटना के समय सरपंच का पुत्र रोहित चौहान छत पर मौजूद था। धुआं उठते ही उसने ग्रामीणों को आवाज लगाई, जिसके बाद गांव वालों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना के बाद नेवरी पुलिस और हाटपिपल्या से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाई। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। घटना के दौरान बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी द्वारा फोन तक नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनआंदोलन करेंगे।