निंबाहेड़ा। हनुमान प्राकट्योत्सव के अवसर पर मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ द्वारा विभिन्न धार्मिक आयोजन किए गए। इस दौरान वीर वाहिनी बालकों ने प्रातःकाल श्री कल्लाजी मंदिर से जावदा स्थित श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय, कल्याणलोक तक लगभग छह किलोमीटर की ध्वजा पैदल यात्रा निकाली।
वेदपीठ के पदाधिकारियों ने बताया कि हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में ठाकुर श्री कल्लाजी की प्रेरणा से वेदपीठ के आचार्यों एवं बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कल्याणलोक परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय परिसर में यह परंपरा पिछले 18 वर्षों से निरंतर निभाई जा रही है।
इस अवसर पर परिसर में स्थापित श्री हनुमानजी की प्रतिमा को चोला चढ़ाया गया तथा ध्वजारोहण के साथ हनुमान चालीसा, कल्याण चालीसा और राम नाम का जाप कर देश-प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की गई।
वहीं वेदपीठ में विराजित पंचमुखी हनुमानजी का विशेष श्रृंगार कर विधिवत पूजा-अर्चना भी की गई। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह एवं भक्ति का वातावरण देखने को मिला।