सिंगोली। नगर में चल रहे पंचकल्याणक महा महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को जैन समाज द्वारा भव्य वरघोड़ा निकाला गया। इस अवसर पर नगर भक्ति और उत्साह के माहौल में सराबोर रहा।
वरघोड़े में सौधर्म इंद्र परिवार, ध्वजाधिरोहण कर्ता परिवार, धनपति कुबेर इंद्र परिवार, महायज्ञनायक परिवार, यज्ञनायक परिवार, ईशान इंद्र परिवार, सानत कुमार इंद्र परिवार, माहेंद्र इंद्र परिवार, भरत चक्रवर्ती परिवार, राजा श्रेयांश परिवार, राजा सोम परिवार, स्वर्ण सौभाग्यवती महिला परिवार, प्रत्येन्द्र इंद्र परिवार, महामंडलेश्वर परिवार, मंडलेश्वर परिवार सहित अनेक इंद्र परिवार एवं नगर के गणमान्यजन रथ एवं बग्घियों में सवार हुए।
वरघोड़े में हाथी, बैंड-बाजों और भक्ति गीतों के साथ समाजजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। महिलाएं, पुरुष, युवा एवं युवतियां भजनों पर नाचते-गाते चल रहे थे।
वरघोड़ा अयोध्या धाम परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः अयोध्या धाम परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।