नीमच। श्री एसआर ग्रुप ऑफ कॉलेज में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘गूंज’ का समापन रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। इस आयोजन में विद्यार्थियों ने कला, खेल और संस्कृति के संगम में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं का क्रमः रंगोली से कबड्डी तक-
उत्सव के पहले दिन रंगोली, मेहंदी एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दूसरे दिन चेस, कैरम, निबंध लेखन एवं कबड्डी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
तीसरे दिन रस्साकशी, चेयर रेस और खो-खो जैसी सामूहिक प्रतियोगिताओं में टीम भावना और खेल कौशल का प्रदर्शन देखने को मिला। अंतिम दिन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एकल एवं समूह नृत्य, नाट्य प्रस्तुतियाँ, गायन एवं रैंप वॉक आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कॉलेज के निदेशक निरंजन राजू तिवारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विजेताओं को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।