चित्तौड़गढ़। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की अखिल भारतीय बैठक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आयोजित की जा रही है। बैठक के प्रथम दिवस राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने विभिन्न प्रांतों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर चित्तौड़ प्रांत द्वारा बीज बैंक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसकी होसबले ने सराहना की। प्रांत सह संयोजक धर्मपाल गोयल ने बताया कि प्रदर्शनी में 250 से अधिक प्रजातियों के बीजों का प्रदर्शन किया गया। इनमें फल, फूल, सब्जियों के साथ कदंब, सिंदूर, सहजन, पलाश, जामुन, टीमरू, अपराजिता, विभिन्न प्रकार की तुलसी सहित धार्मिक एवं औषधीय बीज शामिल थे। इन बीजों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय संयोजक (पर्यावरण गतिविधि) गोपाल आर्य एवं सह संयोजक राकेश जैन का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में चित्तौड़ प्रांत से क्षेत्र संयोजक विनोद मेलाना, प्रांत संयोजक अशोक अहीर, सह संयोजक धर्मपाल गोयल, राधेश्याम सालोदिया, प्रांत जनसंवाद प्रमुख डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।