नीमच। शहर में सामाजिक समरसता का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए शेख सैयद मुगल पठान जिला कमेटी, नीमच के नेतृत्व में इज्तिमाई (निशुल्क) सामूहिक विवाह सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन में कुल 11 जोड़ों ने निकाह कबूल किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ। निकाह की रस्में मौलाना साबिर हुसैन पठान, मौलाना नियाज निजामी, मौलाना अनवर निजामी, मौलाना रेहान एवं मौलाना सद्दाम निजामी द्वारा संपन्न कराई गईं। पूरे पंडाल में “निकाह कबूल है” की गूंज के साथ माहौल भावुक और उल्लासपूर्ण रहा।
कमेटी की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया गया। बाहर से आए मेहमानों ने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, हाजी बाबू सलीम, गजेंद्र यादव, गुलाम रसूल पठान, जावेद दुर्रानी, मुन्ना भाई दुर्रानी, पार्षद इकबाल कुरैशी, भूरा भाई कुरैशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोग, महिलाएं, बुजुर्ग, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और भोजन व स्वल्पाहार की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई।
कमेटी के सदर हाजी जाहिद पठान एवं उनकी टीम के प्रयासों से यह आयोजन सफल रहा। आयोजन की सफलता पर कमेटी ने जिला प्रशासन, नगर पालिका, विद्युत विभाग एवं आमजन का आभार व्यक्त किया।
यह सामूहिक विवाह सम्मेलन शहर में सामाजिक एकता और सहयोग की प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरा।