चित्तौड़गढ़। चंदेरिया थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1920 पव्वे अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस दौरान एक टेम्पो और मारुति स्विफ्ट कार को भी कब्जे में लेकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के तहत एएसपी सरिता सिंह व डीवाईएसपी दिनेश सुखवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी मोतीराम के नेतृत्व में टीम गश्त पर थी। नोमील चौराहा (नारेला) के पास संदिग्ध टेम्पो और कार खड़ी मिली, जिनके पास चार व्यक्ति मौजूद थे।
तलाशी लेने पर टेम्पो में 40 कट्टों में भरी कुल 1920 पव्वे ‘व्हाइट लेस वोडका’ अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसे कार में लोड किया जा रहा था। आरोपियों के पास परिवहन का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में धनराज जाट, राजेश पारीक, प्रहलाद जायसवाल और भीमराज मीणा शामिल हैं। पुलिस ने शराब, टेम्पो व कार जब्त कर मामले में जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में चंदेरिया थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम की सराहनीय भूमिका रही।