शाजापुर। महान पार्श्वगायक स्वर्गीय मुकेश चंद्र माथुर के जन्मोत्सव पर शाजापुर कराओके क्लब द्वारा भव्य संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उनकी कालजयी रचनाओं से सजी इस संगीत संध्या में कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को स्वर्णिम संगीत युग की याद दिला दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. संजय खंडेलवाल, श्रीमती नीलम राठौर एवं लोकेश राठौर ने मां सरस्वती और स्वर्गीय मुकेश के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अतिथियों ने भारतीय संगीत जगत में मुकेश के अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
संगीत संध्या के दौरान एक दिन बिक जाएगा माटी के मोल, जीना यहां मरना यहां सहित अनेक सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह मुकेशमय बना दिया। गीतों की मधुर धुनों पर श्रोता भावुक हो उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कराओके क्लब के कलाकारों डॉ. राजेंद्र सक्सेना, मनोज गिरजे, हरीश शर्मा, जितेंद्र बिरथरे, ओ.पी. विजयवर्गीय, अभिमन्यु मिश्र, राजेंद्र भावसार, रामजी उइके, नीलम राठौर, लीना भट्ट, नेहा विश्वकर्मा, मधुकांत दवे, महेंद्र नायक, अनिल सोनी, भूपेंद्र राठौर, संजय सोनी और विनय भट्ट ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन हरीश शर्मा ने किया, जबकि अंत में मनोज गिरजे ने सभी अतिथियों, कलाकारों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। यह संगीतमय संध्या स्वर्गीय मुकेश के अमर गीतों को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि बन गई।