गरोठ। तहसील के ग्राम कोटडाबुजुर्ग और आसपास के क्षेत्रों में बेमौसम बारिश और तेज आंधी ने भारी कहर बरपाया। तेज आंधी के कारण कई लोगों के घरों की चद्दरें उड़ गईं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। खेतों में खड़ी ट्रॉलियां पलट गईं तथा कई स्थानों पर पेड़ गिरने से रास्ते अवरुद्ध हो गए।
आंधी के दौरान पशु भी प्रभावित हुए, कई स्थानों पर चद्दर सेट गिरने से गायें एवं भैंसें चोटिल हो गईं। तेज हवाओं से बड़े-बड़े वृक्ष भी उखड़कर गिर गए।
अचानक मौसम में आए इस बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है। तेज आंधी और बारिश के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। इस वर्ष फसलों का रकबा भी कम होने से किसान पहले से ही चिंतित हैं।
आंधी-तूफान का असर आम के बागों पर भी देखा गया है। गेहूं की बालियां टूटने तथा दाने झड़ने का खतरा बढ़ गया है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की संभावना है।