नीमच। नीमच निवासी एवं इतिहास के प्रोफेसर डॉ. विनय श्रीवास्तव को देश की प्रतिष्ठित संस्था भव्या फाउंडेशन, जयपुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन एवं सेमिनार में ‘ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें इतिहास, शिक्षा, समाज सेवा एवं शोध के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
दो पुस्तकों का हुआ विमोचन-
इस अवसर पर डॉ. विनय श्रीवास्तव की दो संदर्भ पुस्तकों “भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन में पन्ना एवं छतरपुर” तथा “कंपोजिट कल्चर एंड फ्यूजन इन इंडिया” का विमोचन भी किया गया। भव्या फाउंडेशन द्वारा उन्हें लगातार दूसरे वर्ष इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों ने सहभागिता की तथा कुल 200 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
शोध एवं अकादमिक उपलब्धियां
डॉ. श्रीवास्तव के अब तक 20 संदर्भ ग्रंथ एवं 140 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने यूजीसी, नई दिल्ली द्वारा तीन मेजर एवं यूजीसी भोपाल द्वारा दो माइनर रिसर्च प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं। उन्हें मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा दो बार स्वाधीनता फैलोशिप से भी सम्मानित किया जा चुका है।
जयपुर में हुआ भव्य आयोजन-
यह कार्यक्रम सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय, जगतपुरा स्थित कालिंदी ऑडिटोरियम, जयपुर में आयोजित किया गया। आयोजन का उद्देश्य कैंसर पीड़ितों एवं ऑटिज्म तथा विशेष योग्यजन बच्चों के प्रति जागरूकता एवं सहयोग को समर्पित रहा। भव्या फाउंडेशन के संस्थापक शैलेंद्र माथुर एवं निदेशक डॉ. निशा माथुर ने डॉ. श्रीवास्तव को शुभकामनाएं दीं। उनकी इस उपलब्धि पर नीमच के सामाजिक संगठनों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए बधाइयां दीं।