गरोठ। नगर के थाना चौराहा पर ग्राम दसोरिया के ग्रामीणों द्वारा चक्काजाम किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि 7 अप्रैल 2026 की रात लगभग 11 से 2 बजे के बीच गरोठ थाना प्रभारी (टीआई) एवं करीब 15 पुलिसकर्मी अर्जुनसिंह कालूसिंह के घर में जबरन घुस गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान घर में मौजूद महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।

शिकायत के अनुसार पुलिसकर्मियों ने कई घरों में जबरन प्रवेश कर तलाशी ली। इस दौरान हाईड्रेक और दुर्गासिंह के घर से कैमरे की हार्ड डिस्क तथा रणजीत सिंह की चेकबुक, पासबुक और एचडीएफसी बैंक की केसीसी लोन से संबंधित दस्तावेज ले जाने का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पुलिस ने कई घरों के दरवाजे तोड़े, घरों की लाइट बंद करवाईं और अपने वाहनों की लाइट भी बंद रखकर कार्रवाई की। इसके अलावा मुकेश प्रजापति का मोबाइल भी छीन लेने का आरोप लगाया गया है, जो उस समय अपने घर के बाहर सो रहा था।

शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि निर्दाेष लोगों को रात में परेशान करने और मोबाइल छीनने के मामले में गरोठ थाना प्रभारी हरीश मालवीय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
