नीमच। जावद के सुवाखेड़ा गांव में बुधवार सुबह एक युवक 120 फीट ऊंचे बीएसएनएल मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान कमलेश पिता रामचंद्र दांगी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जमीन रजिस्ट्री में कथित धोखाधड़ी से परेशान होकर यह कदम उठाने पर मजबूर हुआ।
पुश्तैनी जमीन में धोखाधड़ी का आरोप-
कमलेश दांगी का आरोप है कि वर्ष 2017 में नीमच के कुछ लोगों ने उसकी पुश्तैनी जमीन धोखे से अपने नाम करा ली। बाद में वही जमीन उसके परिवार के अन्य सदस्यों को बेच दी गई। पीड़ित के अनुसार, उसने करीब 11 बीघा जमीन 64 लाख रुपए में बेची थी, लेकिन उसे केवल 1.50 लाख रुपए ही प्राप्त हुए। वह लंबे समय से न्याय के लिए भटक रहा है, लेकिन अब तक न तो जांच पूरी हुई और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई।
पहले भी कर चुका है ऐसा विरोध-
यह पहली बार नहीं है जब कमलेश ने इस तरह का कदम उठाया है। इससे पहले 17 दिसंबर को भी वह इसी टावर पर चढ़ गया था। उस समय प्रशासन ने एक महीने में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था, जिसके बाद वह नीचे उतर आया था। लेकिन चार महीने बीतने के बाद भी वादा पूरा नहीं होने से नाराज होकर उसने दोबारा यह कदम उठाया।
कलेक्टर को बुलाने की रखी मांग-
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। अपर कलेक्टर सहित अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया। युवक ने अन्य अधिकारियों पर भरोसा जताने से इनकार करते हुए कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग रखी।
घंटों की समझाइश के बाद उतरा नीचे-
कई घंटों तक चले घटनाक्रम के बाद अधिकारियों की समझाइश रंग लाई और कमलेश दांगी सुरक्षित नीचे उतर गया। फिलहाल प्रशासन युवक से चर्चा कर पूरे मामले के समाधान में जुटा हुआ है।