चित्तौड़गढ़। कोतवाली निंबाहेड़ा पुलिस ने आर्म्स एक्ट के प्रकरण में फरार चल रहे अंतर्राज्यीय आरोपी फारुख खान को मध्यप्रदेश के नीमच से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में दर्जनभर से अधिक मामले दर्ज हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि स्थायी वारंटी, भगोड़े एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी सरिता सिंह एवं डीएसपी निंबाहेड़ा बद्रीलाल राव के निर्देशन में आरपीएस प्रोबेशनर मुकेश चौधरी और थानाधिकारी रामसुमेर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम में एएसआई सूरज कुमार सहित कांस्टेबल देवेंद्र और वीरेंद्र शामिल थे। 7 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आर्म्स एक्ट का फरार आरोपी फारुख खान अपने घर आया हुआ है और जल्द ही नीमच पहुंचने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम नीमच पहुंची, जहां साइबर सेल के एएसआई राजकुमार एवं कांस्टेबल रामनरेश के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी फारुख खान (पिता अमजद खान), निवासी अचारी थाना छोटी सादड़ी जिला प्रतापगढ़, हाल बगाना जिला नीमच (मध्यप्रदेश) है। वह पिछले एक वर्ष से नीमच, मंदसौर और उज्जैन क्षेत्रों में छिपकर रह रहा था और अपनी पहचान छुपा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी के अन्य आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जांच जारी है।
