छतरपुर। मध्यप्रदेश में छतरपुर जिले के बागेश्वर पीठाधीरश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 8 से 15 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर हैं। यहां पार्लियामेंट ऑफ ऑस्ट्रेलिया यानी वहां की संसद में हनुमान चालीसा पाठ किया गया। थोड़ी देर में विश्व-शांति और भारतीय संस्कृति विषय पर संबोधित कर रहे हैं। संसद में पहले भारतीय मूल की युवतियों ने भारतीय नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद कलाकार ने एकल नृत्य प्रस्तुत किया।
इससे पहले, बुधवार सुबह वे ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा के एयरपोर्ट पर उतरे। पंडित धीरेंद्र शास्त्री एयरपोर्ट पर पहुंचे, भक्तों ने जय-जय श्रीराम के नारे लगाए। वहां रहने वाले भक्तों ने फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
इसमें ऑस्ट्रेलियाई संसद से जुड़े प्रतिनिधि, इंडो-ऑस्ट्रेलियाई समाज के गणमान्य अतिथि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
यात्रा के दौरान वे तीन प्रमुख शहरों कैनबरा, पर्थ और सिडनी में भी कथा करेंगे। पहली बार सिडनी के ओपैरा हाउस में भी प्रवचन देंगे। ओपैरा हाउस के हॉल में हजारों भारतीय,ऑस्ट्रेलियाई भक्तों के बीच तीन घंटे का प्रवचन होगा। इसमें भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, कनाडा, फिजी, सिंगापुर सहित 10 देशों में रहने वाले भक्त शामिल हो रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के शिष्य मंडल ने किया था आमंत्रित
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया में बागेश्वर धाम शिष्य मंडल है, जिसमें कई भारतीय मूल के भी हैं। इन्होंने सनातन के प्रचार-प्रसार के लिए पार्लियामेंट में बागेश्वर बाबा के प्रवचन की बात रखी, जिसके बाद पार्लियामेंट ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री को आमंत्रित किया। पंडित धीरेंद्र कृष्ण के साथ सत्यम शुक्ला समेत 2-3 सेवादार, संगीत की टीम गई है।