नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया नाथावत में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय मजदूर नरेंद्र माली की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र माली निर्माण कार्य के दौरान रेत से भरे डंपर को खाली कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों की चपेट में डंपर आ गया, जिससे उसे करंट लग गया। गंभीर हालत में उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने ठेकेदार और डंपर चालक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और पूर्व में भी इस संबंध में शिकायत की गई थी।
मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। परिजनों ने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।