मनासा। सर्द मौसम, तेज शीतलहर और हल्की बुंदाबांदी के बीच भी श्री महेश्वरम् विहार कॉलोनी में आयोजित 81वें सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ व सत्संग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। विपरीत मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में सनातनी भक्त आयोजन में शामिल हुए और पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलोनी रहवासी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र समदानी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष दिनेश व्यास सहित अन्य गणमान्य नागरिकों द्वारा श्री हनुमानजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के संत श्री चेतनराम जी की प्रेरणा से पिछले 81 मंगलवार से निरंतर नगर के विभिन्न मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हर बार भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है।
सत्संग के दौरान सजे श्री हनुमानजी के दरबार में भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया। राजकुमार मारू, सत्यनारायण सोनी, दिनेश कुशवाह, अरुण झंवर, अर्पित शर्मा, गोपाल राठौर और समरथ खाटवा द्वारा प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।
सनातन सत्संग मंडल ने आयोजन को सफल बनाने के लिए महेश्वरम् विहार कॉलोनी रहवासी संघ सहित सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 82वां हनुमान चालीसा पाठ 14 अप्रैल को उषागंज कॉलोनी में आयोजित किए जाने की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।