नीमच। विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर 9 अप्रैल को जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीटो) द्वारा सामूहिक महामंत्र जाप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश के गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली से वर्चुअली जुड़े और उन्होंने भी सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप किया।
जीटो के तत्वावधान में आयोजित इस वैश्विक आयोजन की विशेषता यह रही कि विश्वभर में लाखों लोगों ने एक ही समय पर नवकार महामंत्र का उच्चारण किया, जिससे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
नीमच में यह कार्यक्रम टाउन हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, प्रेमप्रकाश जैन, संतोष चोपड़ा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
संस्था अध्यक्ष रिंकू राठौर ने बताया कि यह आयोजन केवल जैन समाज तक सीमित नहीं था, बल्कि सभी वर्गों एवं समाजों के लोगों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं युवा इस सामूहिक आयोजन का हिस्सा बने।
वक्ताओं ने नवकार महामंत्र को आत्मिक शांति एवं लोक कल्याण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। जीटो की इस पहल का उद्देश्य नीमच सहित पूरे विश्व को एकता और आध्यात्मिकता के सूत्र में जोड़ना रहा।