चित्तौड़गढ़। शहर के हजारेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र में एक बार फिर मानवता और साहस की मिसाल देखने को मिली, जहां 60 फीट गहरे कुएं में गिरे एक स्ट्रीट डॉग का सफल रेस्क्यू किया गया।
चित्तौड़गढ़ वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण समिति के अध्यक्ष मनीष तिवारी को गुरुवार सुबह सूचना मिली कि मंदिर क्षेत्र के एक सूखे कुएं में एक स्ट्रीट डॉग गिर गया है। सूचना मिलते ही टीम के सदस्य मुबारिक खान, पियूष कांबले और कन्हैयालाल मौके पर पहुंचे।
कुआं गहरा और संकरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण था। टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान सीढ़ी, रस्सी और सेफ्टी बेल्ट जैसे उपकरणों का उपयोग किया गया। टीम के एक सदस्य को सुरक्षा बेल्ट के साथ कुएं में उतारा गया, जिसके बाद काफी मशक्कत कर डरे हुए डॉग को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद डॉग को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा गया।