मनासा। जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम बनी से पाटीदार समाज के 30 से अधिक महिला एवं पुरुष श्रद्धालु गुरुवार को हर्षाेल्लास के साथ चारधाम यात्रा के लिए रवाना हुए। यात्रा पर प्रस्थान से पूर्व श्रद्धालुओं ने अपने-अपने आराध्य मां जगदंबा सहित गांव के विभिन्न मंदिरों में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने गांव के वरिष्ठजनों से आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। ग्रामीणों ने डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर यात्रियों का स्वागत किया तथा फूल-मालाओं से अभिनंदन कर भव्य विदाई दी।
ग्रामीणों ने सभी यात्रियों की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए उनके कुशलतापूर्वक लौटने की प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान पूरे गांव में उत्साह और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिला।