चित्तौड़गढ़। विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर श्री विद्यासागर मांगलिक धाम, चित्तौड़गढ़ में गुरुवार सुबह 8रू15 बजे भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वभर में शांति, एकता और सद्भावना को बढ़ावा देना रहा। आयोजन जीतो चित्तौड़गढ़ चौप्टर एवं श्री महावीर जैन मंडल, चित्तौड़गढ़ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 2000 श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जैन संत डॉ. संजय मुनि, उपप्रवर्तिनी महासती मंजुल ज्योति जी म.सा. (ठाणा-5), अनुष्ठान आराधिका महासती डॉ. कुमुदलता जी म.सा. (ठाणा-4), पूज्य महासती प्रतिभा श्री जी म.सा. (ठाणा-4) एवं शीतल जी महाराज (ठाणा-2) का सानिध्य प्राप्त हुआ। संतों एवं साध्वियों ने नवकार महामंत्र की महिमा बताते हुए भजन एवं प्रवचनों के माध्यम से शांति और एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर नवकार महामंत्र के पाँच पद- णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं, णमो आयरियाणं, णमो उवज्झायाणं एवं णमो लोए सव्वसाहूणं का सामूहिक जाप किया गया। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि भारत सहित 108 देशों में लाखों लोगों ने एक साथ नवकार महामंत्र का जाप किया। करीब 100 से अधिक मेगा इवेंट्स आयोजित किए गए तथा 6000 से अधिक स्थानों (देरासर/उपाश्रय) से सीधा प्रसारण किया गया।
श्री महावीर जैन मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र दोशी एवं जीतो अध्यक्ष सोहन पोखरना ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। जीतो यूथ विंग अध्यक्ष रवि विरानी एवं टीम ने नवकारसी व्यवस्था में सहयोग दिया, वहीं मुख्य सचिव रोशन लोढ़ा ने सभी को नवकारसी हेतु आमंत्रित किया। जीतो लेडीज विंग अध्यक्ष सुनीता सिसोदिया एवं उनकी टीम का भी विशेष योगदान रहा।
जीतो चित्तौड़गढ़ चौप्टर चेयरमेन एवं महावीर जैन मंडल के महासचिव सोहन पोखरना ने बताया कि वर्तमान समय में वैश्विक अशांति के बीच नवकार महामंत्र शांति और अहिंसा का मार्ग प्रशस्त करता है। इस आयोजन में जैन समाज के साथ अन्य समाजों के लोगों ने भी भाग लेकर एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की सफलता ने यह सिद्ध किया कि विश्व शांति और सद्भाव के प्रति लोगों में जागरूकता और उत्साह निरंतर बढ़ रहा है।