चित्तौड़गढ़। न्यायालय परिसर में कराए गए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के लिए जिला अभिभाषक संस्थान चित्तौड़गढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को विधायक चंद्रभान सिंह आक्या का उनके कार्यालय पर स्वागत कर धन्यवाद ज्ञापित किया। यह स्वागत संस्थान अध्यक्ष नरेश शर्मा के नेतृत्व में किया गया।
अध्यक्ष नरेश शर्मा ने बताया कि नवीन न्यायालय परिसर में सुविधाओं के अभाव को लेकर संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक आक्या से कार्य कराने का अनुरोध किया था। इस पर विधायक ने सभी मांगों को स्वीकार करते हुए विकास कार्य कराए, जिसके लिए अधिवक्ताओं ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता प्रवीण टांक ने विधायक आक्या को मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया, जबकि अध्यक्ष नरेश शर्मा ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। साथ ही संस्थान के अन्य पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने विधायक आक्या के समक्ष अभिभाषक भवन के लिए शहर में भूखंड आवंटन, अधिवक्ता कॉलोनी योजना स्वीकृत कराने सहित अन्य मांगें भी रखीं। इस पर विधायक ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार कर उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संस्थान के अनेक वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ता उपस्थित रहे।