भोपाल। मध्य प्रदेश में आज से बारिश का सिलसिला थमेगा और भीषण गर्मी का दौर शुरू होगा। प्रदेश के तापमान में 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार है। वहीं 15 अप्रैल को फिर नया सिस्टम एक्टिव होगा, लेकिन एमपी में इसका असर सीमित रहेगा।
एमपी में अप्रैल में आंधी-बारिश का दौर रहा। 1 से 9 अप्रैल तक कहीं न कहीं मौसम बदला रहा। गुरुवार को भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन की एक्टिविटी रही। जिसके असर से शहडोल, उमरिया, मंडला, डिंडौरी, सिवनी, बालाघाट और अनूपपुर में मौसम बदला रहा। कहीं तेज आंधी चली तो कहीं हल्की बारिश हुई। शुक्रवार से सिस्टम का असर खत्म हो जाएगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले 5 दिन तक कहीं भी बारिश होने का अनुमान नहीं है। यानी मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। वहीं 15 अप्रैल को नया सिस्टम एक्टिव होगा। उत्तर-पश्चिमी हिस्से में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। हालांकि एमपी में इसका असर कम ही देखने को मिलेगा।