जीरन। नगर परिषद जीरन की आयोजित विशेष बैठक के दौरान वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद प्रभा राजेश लक्षकार ने नगर के विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किया। लक्षकार ने नगर के हृदय स्थल प्रतापगढ़ दरवाजा चौक और मुक्तिधाम मार्ग की बदहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए इनके स्थाई निराकरण की मांग की।
पार्षद प्रभा लक्षकार द्वारा नगर परिषद अध्यक्ष रामकरण सगवारिया एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी विकास डावर को सौंपे गए पत्र में बताया गया कि प्रतापगढ़ दरवाजा चौक जो कि लगभग 25 वर्ष पूर्व बने इस सीसी रोड की हालत अत्यंत जर्जर हो चुकी है। गड्ढों के कारण यहाँ आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसे पुनः सीसी रोड या डामरीकरण कर नया स्वरूप देने की आवश्यकता है।
इसी प्रकार मुक्तिधाम मार्ग (शीतला माता रोड) पर फिल्टर प्लांट की पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क के कारण मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग की स्थिति दयनीय है। बार-बार किए गए पेंचवर्क के असफल होने के बाद अब यहाँ पूर्ण डामरीकरण ही एकमात्र विकल्प है। पार्षद प्रभा लक्षकार ने सम्मेलन में जोर देकर कहा कि ये दोनों मार्ग नगर के आवागमन और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। नागरिकों को हो रही भारी असुविधा को देखते हुए इन कार्यों को आगामी कार्ययोजना में शामिल कर जल्द से जल्द प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए। अध्यक्ष एवं सीएमओ ने जनहित के इन मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए संबंधित विभाग को तकनीकी प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए हैं।