नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा तीन दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया गया है। यह मेला शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में 10 अप्रैल से शुरू होकर 12 अप्रैल तक चलेगा।
एक ही स्थान पर मिली सभी जरूरी सामग्री
पुस्तक मेले में स्कूल से जुड़ी आवश्यक किताबें, कॉपियां और अन्य शैक्षणिक सामग्री एक ही जगह उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही आकर्षक छूट मिलने से अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। सहायक संचालक मनोज जैन ने बताया कि इस मेले में पुस्तकों पर 20 प्रतिशत तथा कॉपियों पर 40 से 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है।
समय को लेकर उठी आपत्तियां
हालांकि इस पहल की सराहना के साथ कुछ अभिभावकों ने समय को लेकर आपत्ति भी जताई है। उनका कहना है कि नया शैक्षणिक सत्र मार्च के अंतिम सप्ताह में ही शुरू हो जाता है, ऐसे में पुस्तक मेले का आयोजन देर से होने के कारण कई लोग पहले ही बाजार से सामग्री खरीद चुके हैं।
कुछ किताबें उपलब्ध न होने की शिकायत
अभिभावकों ने यह भी शिकायत की कि कुछ स्कूलों और कक्षाओं की आवश्यक पुस्तकें मेले में उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही स्टॉल की संख्या बढ़ाने की मांग भी की गई है, ताकि अधिक विकल्प मिल सकें।
सकारात्मक पहल, सुधार की उम्मीद
मेले में पहुंचे कांग्रेस नेता योगेश प्रजापत ने इस पहल को अभिभावकों के लिए राहतकारी बताया, लेकिन इसके और बेहतर संचालन की आवश्यकता पर भी जोर दिया। वहीं सहायक संचालक मनोज जैन ने कहा कि प्राप्त सुझावों के आधार पर भविष्य में इसे अधिक समयबद्ध और प्रभावी बनाया जाएगा।