नीमच। तहसील छोटीसादड़ी के ग्राम खेरमालिया में समस्त ग्रामवासी एवं मेनारिया परिवार के तत्वावधान में श्रीसीताराम-लक्ष्मण साम्बशिवादि मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन 25 अप्रैल 2026, शनिवार से 29 अप्रैल 2026, बुधवार तक किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन वेद धर्मशास्त्र, रामायण एवं पुराणों के प्रख्यात प्रवक्ता एवं याज्ञिक शिरोमणि पंडित प्रवर श्री गंगाधर जी पाठक (मैथिल) के पावन आचार्यत्व में संपन्न होगा। आयोजकों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन पूरे गांव के लिए हर्ष और गौरव का विषय है।
महोत्सव के अंतर्गत 26 अप्रैल को शोभायात्रा, पंचायपन, यज्ञ विधि स्नान, गो-पूजन, मंडप एवं वेदियों का निर्माण जैसे धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। इसके बाद 27 अप्रैल को पूजन, हवन, अधिवास, आरती एवं प्रदक्षिणा का कार्यक्रम रहेगा।
29 अप्रैल को मुख्य दिवस पर प्रातःकाल मूर्तियों का प्राण प्रतिष्ठा संस्कार, श्रृंगार, विशेष पूजन एवं हवन के साथ संपन्न होगा। इसी दिन सुबह 10ः30 बजे प्रथम दर्शन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कन्या भोज, ब्राह्मण भोज एवं महाप्रसादी का आयोजन भी रखा गया है, जो दोपहर 1 बजे से प्रभु इच्छा तक जारी रहेगा।
समस्त ग्रामवासी एवं मैनारिया परिवार ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।