नीमच। महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को नीमच में फुलेरिया माली समाज नवयुवक मंडल के नेतृत्व में भव्य वाहन रैली निकाली गई। रैली ने पूरे शहर को उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकता के रंग में रंग दिया।
रैली का शुभारंभ सांवलिया सेठ मंदिर से हुआ, जहां समाजजनों ने भगवान एवं महात्मा फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। डीजे पर गूंजते भजनों, लहराते ध्वजों और सजी-धजी झांकियों के साथ निकली रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर रैली का भव्य स्वागत किया गया।
नवयुवक मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि महात्मा फुले के द्विशताब्दी वर्ष को ऐतिहासिक रूप में मनाते हुए समाज में जागरूकता एवं एकता का संदेश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रसार और सामाजिक समानता के लिए उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें युगद्रष्टा समाज सुधारक बताया।