मंदसौर। मंदसौर के पुराना बस स्टैंड स्थित बड़े बालाजी मंदिर में पारंपरिक रूप से आयोजित होने वाला विशाल भंडारा इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और महाप्रसाद ग्रहण कर बालाजी का आशीर्वाद लिया।
जानकारी के अनुसार पिछले 25 से 30 वर्षों से यह परंपरा लगातार निभाई जा रही है। हर वर्ष हनुमान जयंती के पश्चात मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर भोग लगाया जाता है तथा बालाजी महाराज का आकर्षक श्रृंगार किया जाता है।
कार्यक्रम के तहत कन्या पूजन के बाद भंडारे का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन में पूरे नगरवासियों का सहयोग रहता है। मंदसौर शहर सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।