नीमच। राज्य शासन द्वारा मध्यप्रदेश में 10 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक ‘नारी शक्ति वंदन’ पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पखवाड़े को उत्सव के रूप में मनाते हुए भोपाल स्थित हंसध्वनि सभागार, रविन्द्र भवन में प्रबुद्धजन सम्मेलन (टाउन हॉल) आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही संभाग मुख्यालयों तथा छिंदवाड़ा, खरगोन और मंदसौर जिला मुख्यालयों पर भी ‘नारी शक्ति वंदन’ सम्मेलन आयोजित होंगे, जिनमें महिला जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा।
इस अवधि में लोकसभा एवं विधानसभा क्षेत्रों में ‘नारी शक्ति पदयात्रा’ निकाली जाएगी, वहीं युवाओं द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन दीवार’ तैयार कर जागरूकता संदेश लिखे जाएंगे। महिला संगठनों, स्व-सहायता समूहों, लखपति दीदी और लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
त्रि-स्तरीय पंचायतों में गोष्ठी और सेमीनार आयोजित किए जाएंगे। साथ ही बीआर आंबेडकर जयंती के अवसर पर विशेष ग्राम सभाओं में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर ‘नारी शक्ति वंदन’ विषय पर चर्चा की जाएगी।
नगरीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक एवं औद्योगिक संगठनों में भी व्याख्यान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
इस अभियान का नोडल विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग रहेगा, जो सभी कार्यक्रमों की जानकारी फोटो सहित सामान्य प्रशासन विभाग को प्रेषित करेगा।