मनासा। सेन जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को सेन समाज द्वारा नगर में भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। सेन समाज के तहसील अध्यक्ष दशरथ सेन ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सेन समाज तहसील मनासा के तत्वावधान में यह आयोजन किया जा रहा है।
चल समारोह दोपहर 2 बजे रघुनाथ मंदिर, अनुपपुरा गली से प्रारंभ होगा। इसमें संत शिरोमणि सेनजी महाराज की झांकी बैंड-बाजे और ढोल-ढमाकों के साथ नगर भ्रमण करेगी। यह चल समारोह नानक सांई की इमली, खडाखेर गली, सदर बाजार, बड़ा मंदिर, अनुपपुरा गली और शमशान घाट रोड होते हुए सेन समाज की धर्मशाला पहुंचेगा।
कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिभाशाली एवं वरिष्ठ जनों का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही सभी समाजजनों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों ने सभी समाजबंधुओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।