नीमच। सिटी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुआ एक भीषण सड़क हादसा दिल दहला देने वाली त्रासदी में बदल गया। इस दर्दनाक घटना में कुछ ही घंटों के अंतराल में मां-बेटे की मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अड़मालिया निवासी राजेंद्र उर्फ राजू नायक अपनी मां सोहन बाई और 4 वर्षीय भांजी के साथ मोटरसाइकिल से रावण रुंडी एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रावतखेड़ा चौराहे के पास तेज रफ्तार कार क्रमांक एमपी 13 एएल 0950 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि राजेंद्र नायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां सोहन बाई और मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान सोहन बाई (65) ने भी दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में मां-बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं घायल बच्ची का इलाज जारी है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है। खुशियों में शामिल होने निकला एक परिवार कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। फिलहाल सोहन बाई का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है तथा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
