चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या रविवार को विजयपुर स्थित श्री नृसिंह गौशाला में आयोजित तीन दिवसीय ‘नानी बाई का मायरा’ एवं गौ पुष्टि महायज्ञ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने गौलोकवासी वैष्णव दासजी महाराज एवं व्यासपीठ का पूजन-अर्चन किया तथा अजमेर से पधारे कथावाचक परम पूज्य गौरव व्यास से आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक आक्या ने कथा श्रवण कर धर्म लाभ लिया। वहीं आकोला महंत रामस्नेही दास जी महाराज ने अपने सत्संग में गौमाता की सेवा के महत्व और उससे मिलने वाले पुण्य पर प्रकाश डाला।
कथावाचक गौरव व्यास ने ‘नानी बाई का मायरा’ कथा के माध्यम से नरसी मेहता की निस्वार्थ भक्ति, भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट आस्था तथा सरल जीवन का प्रेरणादायक वर्णन किया। उन्होंने सांवरिया सेठ की महिमा और भक्ति के महत्व को भी विस्तार से बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना एवं भजन-कीर्तन से हुई। यज्ञाचार्य पंडित राकेश शास्त्री, पंडित रामचंद्र तिवारी एवं पंडित अरविंद शर्मा के मंत्रोच्चार के साथ गौ पुष्टि महायज्ञ संपन्न हुआ।
विधायक आक्या ने ग्रामवासियों को गौशाला को भव्य एवं दिव्य बनाने हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर शैलेन्द्र झंवर, कैलाशचंद्र लढ़्ढा, निवर्तमान सरपंच श्यामलाल शर्मा, दिग्विजय सिंह, महेशचंद्र लढ़्ढा, बालकृष्ण शर्मा, भगवत सिंह, बंशीलाल मुंदड़ा, सुनील चेचाणी, संस्थान अध्यक्ष प्रवीण टांक, गोविंद तोषनीवाल, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।